[ चिट्ठाकारी पर पिछली पोस्ट से कुछ अनुदित सामग्री सम्पादित कर यहाँ प्रस्तुत की जा रही है। हिन्दी चिट्ठेकारों ने विषय में रस लिया और बहस भी चलायी । आज निकोलस कार्र के चिट्ठे से यह बहुचर्चित वक्तव्य यहाँ दिया जा रहा है । ]
मंगलाचरण
किसी जमाने की बात है चिट्ठालोक नामक एक टापू था जिसके बीचोबीच पत्थर का एक विशाल किला था । किले के चारों ओर मीलों तक टीन , गत्ते और फूस की मड़इयों में रहने वाले किसानों की बस्तियाँ थीं ।
भाग एक
निरीह कपट का स्वरूप
मैं जॉन केनेथ गालब्रेथ की लिखी एक छोटी किताब पढ़ रहा था,यूँ कह सकते हैं कि यह एक निबन्ध है - ‘ निरीह कपट का अर्थशास्त्र ‘ ( Economics of Innocent Fraud ) . यह उनकी आखिरी किताब है जिसे उन्होंने अपनी जिन्दगी के नौवें दशक में , मरने के कुछ समय पहले ही पूरा किया । ( गालब्रेथ पूँजीवाद के प्रबल प्रवक्ता , पुरोधा और झण्डाबरदार रहे हैं । – अफ़लातून । किताब में उन्होंने समझाया है कि अमेरिकी समाज कैसे ‘पूँजीवाद’ के लिए अब ‘बाजार अर्थव्यवस्था’ शब्द का इस्तेमाल करने लगा है । नया नाम पहले वाले से कुछ मृदु और नम्र है , मानो यह अन्तर्निहित हो कि अब आर्थिक सत्ता उपभोक्ता की हाथों में आ गयी है बनिस्पत पूँजी के मालिकों या उनका काम करने वाले प्रबन्धकों के । गालब्रेथ इसे निरीह कपट का सटीक उदाहरण मानते हैं ।
निरीह कपट भी एक झूठ है जो काला नहीं सफ़ेद होता है । यह सभी को खुशफ़हमी में रखता है। यह एक ओर ताकतवर लोगों के मन माफ़िक होता है क्योंकि यह उनकी पूरी सत्ता को ढँक देता है , वहीं सत्ता विहीन लोगों के मन माफ़िक इसलिए होता है कि उनकी सत्ताहीनता को भी आवृत कर देता है ।
चिट्ठालोक के बारे में हम खुद को कहते हैं कि - नियन्त्रित और नियन्ता जन-सम्प्रेषण माध्यम के मुकाबले यह माध्यम खुला , लोकतांत्रिक और समतामूलक है । ऐसा कहना निरीह कपट है ।
भाग दो
लम्बी पूँछ वाले चिट्ठाकारों का अकेलापन
निरीह कपट की विशेषता हाँलाकि यह है कि इसके आर – पार दिखाई पड़ता है , परन्तु अक्सर लोग आर – पार न देखने की कोशिश करते हैं , और कुछ लोगों के लिए कभी – यह कोशिश भी व्यर्थ रह जाती है । कुछ दिनों पहले चिट्ठाकार केन न्यूसम ने सवाल खड़ा किया : ” हमारे चिट्ठों के पाठक कौन हैं ? ” उसके जवाब में अवसाद की झलक थी :
चिट्ठालोक में चिट्ठेकारों के बीच ध्यान खींचने की ऐसी होड़ लगी रहती है कि आभास होता है कि यह एक बहुत बड़ी-सी जगह है , मानो मछली बाजार । यह केवल आभास है दरअसल एक बड़े हॉल के आखिरी छोर पर बने एक छोटे से कमरे में हम सब पहुँच जाते हैं। जब लोग संवाद बनाने से इन्कार करते हैं किन्तु किसी हद को पार कर अपने चिट्ठे की कड़ी लगवाना चाहते हैं तब थोड़ा कष्ट जरूर होता है । यह कष्ट तब तक जारी रहता है जब तक मुझे इस बात का अहसास नहीं हो जाता कि , ‘ चलो मेरी बात न सुने भले , वास्तविक जगत में कोई उन्हें भी तो नहीं सुन रहा ‘ ।
मुझे गलत मत समझिएगा - लिखने में मुझे रस मिलता है । कभी – कभी जब हम कुछ लिख कर चिट्ठे पर डाल देते हैं और प्रतीक्षा करते हैं कि कोई टिप्पणी आएगी अथवा कोई उस पोस्ट की कड़ी उद्धृत कर देगा , तब एक अजीब अवसाद-सा तिरता है , माहौल में।
मुष्टिमेय लोगों ने इस प्रविष्टि पर अपनी राय प्रकट की जिनमें लम्बे समय से चिट्ठाकारी कर रहे सेथ फ़िन्कल्स्टीन भी थे । फ़िन्कल्स्टीन के स्वर में कहीं अधिक निराशा का पुट था।उनकी प्रतिक्रिया में तथ्य को स्वीकार कर लेने के साथ एक कटुता भी देखी जा सकती है जो किसी कपट की पोल खुलने पर प्रकट होती है :
व्यक्तिगत तौर पर बताऊँ तो यह कह सकता हूँ कि मैं इन कारणों से लिखता था :
- मुझे यह कह कर मूर्ख बनाया गया कि चिट्ठे खुद की आवाज सुनाने के लिए तथा मीडिया के विकल्प के रूप में होते हैं ।
- मुझे भ्रम था कि यह प्रभावशाली है ।
- कभी-कदाच ध्यान खींच लेने पर यह बहुत असरकारक साधन लगने लगता है , यथार्थ से बढ़कर ।
- यह स्वीकृति कष्टपूर्ण है कि आपने इतना समय और प्रयत्न जाया किया लेकिन कोई आप की सुनता नहीं ।
चिट्ठाकारी को धार्मिक सुसमाचार (Blog Evangelist) मानने की निष्ठा अत्यन्त क्रूर होती है चूँकि वह लोगों की कुण्ठित उम्मीदों और ख्वाबों का शिकार करती है ।
मेरा चिट्ठा कुछ दर्जन प्रशंसकों द्वारा पढ़ा जाता है । कई बार बन्द करने की नौबत आई है और आखिरकार वह चरम-बिन्दु भी आ ही जाएगा ।
किसी निरीह कपट के स्थायी हो जाने पर ताकतवर लोगों का बड़ा दाँव लगा होता है, ताकतहीन लोगों की बनिस्पत । ताकतहीन लोगों द्वारा इस कपट के प्रति अविश्वास को टालते रहने को निलम्बित करने के काफ़ी समय बाद तक ताकतवर इस कपट से लिपटे रहेंगे , सच के विकल्प की अनुगूँज सुनाने वाले एक कक्ष में एक दूसरे को अन्तहीन समय तक यह सुनाते हुए।
उपसंहार
एक दिन एक चिट्ठा-किसान लड़के को अपनी मड़ई के निकट धूल के ढेर में एक स्फटिक का गोला पड़ा मिला । उस गोले में झाँकने पर वह चकित हो गया , उसने एक चलचित्र देखा । व्यापारिक पोतों का एक बेड़ा चिट्ठालोक के बन्दरगाह में प्रवेश कर रहा था।जहाजों पर वे नाम अंकित थे जो टापू भर में हमेशा से घृणा की दृष्टि से देखे जाते थे । टाइम-वॉर्नर और न्यूज कॉर्प और पियरसन और न्यू यॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल और कोन्डे नोस्ट और मैक्ग्रॉ हिल । चिट्ठा -किसान तट पर जुट गए , जहाजों पर ताने मारते हुए ,आक्रमणकारियों को ललकारा कि हमारे बड़े किले के ठाकुरों द्वारा तुम्हारा बेड़ा शीघ्र गर्क कर दिया जाएगा । व्यापारिक पोतों के जहाजों के कप्तान सोने से भरे टोकरे ले कर जब किले के द्वार तक पहुँचे , तब उन्हें ठाकुरों की तोपों का सामना करने के बजाए तुरही-नाद सहित स्वागत मिला । चिट्ठा – किसानों को रात भर महाभोज से आने वाली ध्वनियाँ सुनाई देती रहीं ।
Posted in internet, online journalism | 4 Comments
4 Responses to “अपठित महान : महा अपठित”
maharaj, guardian wala link saath mein rakh dete…?
अच्छी जानकारी लाये हैं. आजकल तो यही चर्चा में है .धन्यवाद.
वाकई; यह आत्म मुग्धता बडा़ छलावा है. हिन्दी के ब्लॉगरों में कुछ ज्यादा ही है शायद!
इतनी जानकारी देने के लिये धन्यवाद ।
घुघूती बासूती
प्रमोद सिंह जैसे पाठक बन्धुओं के लिए जो पुछल्ला शब्दों के सहारे भी मूल आलेख तक पहुँचने में कठिनाई महसूस रहे हैं : गार्जियन पर खटका मारें ।
आत्ममुग्धता?
हाँ सही कहा. सचमुच हम इसके शिकार है.
ब्लोग का एक फायदा, आत्मविश्वास में बढ़ोतरी के रूप में सामने आ रहा है.
ज़बर्दस्त जानकारी के लिए शुक्रिया आपका – राजनीतिक पर लिखते लिखते अब जानकारीयां भी देने लगे – लगे रहिए
एन्ड्र्यू कीन की टिप्पणी में सच्चाई का अक्स है . आत्ममुग्धता का गुब्बारा फूलता दिख रहा है .
उपर्युक्त उद्धरण के बरअक्स निम्नलिखित उद्धरण को भी यदि ध्यान में रखें तो सटीक जवाब मिल जाएगा:
“If they’re not sticking to standards, it’ll be noticed by readers and other webloggers, who will take the author to task for the impropriety. The community acts as the editors.”
आशय यह कि चिट्ठा लिखने वाला आत्म-मुग्धता का शिकार होकर फुलकर चाहे जितना गुब्बारा बन ले, लेकिन जब सजग पाठकों की टिप्पणियों की सूइयां उसे चुभनी शुरू होती हैं तो उसे पिचककर अपनी औकात में आना ही पड़ता है। पाठकों की टिप्पणियां चिट्ठाकारों के लिए संपादकीय अंकुश का काम करती हैं।
हिन्दी चिट्ठाकारी में भी इसे घटित होते देखा गया है। चिट्ठाकार जब फुलकर गुब्बारे बनने लगते हैं तो टिप्पणियों की सूइयां ही उन्हें औकात में रहने के लिए मजबूर करती हैं।
आपने बिल्कुल सही जानकारी दी। चिठ्ठेकार आत्ममुग्धता के शिकार होते हैं और कई लोग तो जबरिया अपनी रिपोर्ट पढ़वाकर अपनी पीठ भी ठुकवाते हैं। लेकिन मेरा ऐसा मानना है कि यह माध्यम ऐसा है जिसका सदुपयोग किया जाए तो लोग एक दूसरे के निकट आने के साथ सभ्यता, संस्कृति, समाज, खानपान, रहन सहन, दिक्कतों, सुविधाओं से परिचित हो सकते हैं। इस माध्यम से एक दूसरे को बेहतर जानकारियां दी जा सकती है और कई मुद्दे इस तरह उठ सकते हैं कि उन पर सरकारों और संगठनों को विचार करना पड़ सकता है। हम अपने ब्लॉग पर लिखी बातों को सांसदों और विधायकों एवं नौकरशाहों तक आसानी से पहुंचा सकते हैं जिनसे हो सकता है समाज या समस्याग्रस्त लोगों का भला भी हो जाए। आत्ममुग्ध या खुद की प्रशंसा से बेहतर है हम एक नए और सुशिक्षित समाज के निर्माण के लिए ब्लॉगों का इस्तेमाल करें।
अगर कोई चीज आपमें इतना यकीन पैदा कर दे कि आप अपनी बात एक बडे मंच पर लाने को तैयार हो जायें….तो चीज में दम है भाई।
कीन इसे आत्ममुगधता कह रहे हैं…कोई इसे आत्मविश्वास भी कह सकता है…अपना अपना नजरिया है।
ज्यादा कूछ कहने की बजाय यही कहना चाहूंगा कि मैं भी कमल शर्मा जी से सहमत हूँ।
सही विचार रखें है, आज के दौर मे यह देखने को मिल रहा है। ब्लागिंग को लोगों ने अपने जंग का अड्डा बना दिया है। कुछ बन्धु ऐसे भी है जिन्हे लगता है तो कि हिन्दी ब्लाग कोई बड़ा मंच नही है किन्तु वे इसका मोह छोड नही पाते है।
शायद यही दर्शाता है …………….
सच ही है, ‘लोग खुद से खुद के बारे में बतियाते-बतियाते आत्ममुग्धता के शिकार हो रहे हैं’
Kuch Logo ne apna samooh bana liya aur wahi 4-5 log ek dusre ke post ko padhte hain aur usme comment bhi karte hain. Aur phir kush hona lajimi hai. itne post, itne comments, itni hits. Ye to wahi baat ho gai ” Main tujhe Mir kahoo tu mujhe Galib”.
Isse upar uthakar kuch constructive likhne ke baare mein soche to behtar hoga.
[…] अफलातूनजी ने बहुत मेहनत करी हमें अपनी पोस्ट को पढ़वाने के […]
लेख पढ़ लिया था। आत्ममुग्धता कम आत्मविश्वास वाली बात ज्यादा सही लगती है।
अच्छी जानकारी मिली आप यह लेख पढ कर…